पिथौरागढ़ महाविद्यालय में आंदोलनकारी छात्रों से वार्ता करते उप निदेशक डा.एनएस बनकोटी। अमर उजाल
- फोटो : PITHORAGARH
एलएसएम पीजी कॉलेज पिथौरागढ़ में पुस्तकों और शिक्षकों की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्र-छात्राएं धरने पर अडिग हैं। छात्रों से वार्ता के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय हल्द्वानी से पहुंचे उप निदेशक डा.एनएस बनकोटी ने दो घंटे तक वार्ता की और कई आश्वासन दिए, लेकिन छात्रों ने दो टूक कहा कि अब उन्हेें आश्वासन नहीं, बल्कि समस्या के स्थाई समाधान के लिए शासनादेश चाहिए। इस बीच छात्र-छात्राओं की उपनिदेशक और अन्य अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई।
पुस्तक और शिक्षकों की उपलब्धता सहित विभिन्न मांगों को लेकर पीजी कॉलेज पिथौरागढ़ के छात्र-छात्राएं आंदोलन पर डटे हैं। मंगलवार को छात्रों के आंदोलन को एक माह का समय पूरा हो गया। कालेज परिसर में धरनास्थल पर बारिश के चलते मंगलवार को छात्र महाविद्यालय की गैलरी में बैठ गए।
इस दौरान विभिन्न संगठनों के लोगों ने महाविद्यालय पहुंचकर आंदोलन के समर्थन में धरना दिया। अपराह्न में वार्ता के लिए हल्द्वानी से उप निदेशक डॉ.एनएस बनकोटी पिथौरागढ़ पहुंचे। धरनास्थल पर वार्ता के दौरान उपनिदेशक और प्राचार्य ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र शासनादेश जारी करने की मांग पर अड़े रहे। उपनिदेशक मांगों के समाधान के लिए कई आश्वासन दिए, लेकिन छात्रों ने आश्वासनों के बल पर आंदोलन से पीछे से इनकार कर दिया। इस दौरान कई बार छात्रों और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। वार्ता के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष राकेश जोशी, दीपक कापड़ी, अभिषेक पुनेठा, नूतन सहित तमाम आंदोलनकारी छात्र उपस्थित रहे।