गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोखरी में गृह विज्ञान और कला विषय पढ़ाने के लिए शिक्षक नहीं हैं। विद्यार्थी बिना शिक्षक के ही इन विषयों की पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यालय में संस्कृत के 168 विद्यार्थी हैं, लेकिन संस्कृत विषय के अध्यापक का पद सृजित ही नहीं है। इन विषयों को पढ़ने वाले बच्चे शिक्षकों की राह देख रहे हैं।
विद्यालय में गणित और व्यायाम की पढ़ाई अतिथि शिक्षकों के सहारे चल रही है। गणित विषय में अतिथि शिक्षक की तैनाती दो साल बाद अगस्त 2023 में हुई। विद्यालय का परीक्षा परिणाम हर साल 100 फीसदी रहता है। पिछले वर्ष के टॉपर के अंक 89 फीसदी रहे। हिंदी, अंग्रेजी, कृषि, सामाजिक विज्ञान और विज्ञान के अध्यापक हैं। संस्कृत, गृह विज्ञान, कला विषय में कोई नहीं। भेरंग पट्टी के पाली, पोखरी, अग्रौन सहित कई गांव के बच्चे यहां पढ़ने आते हैं। विद्यालय की सुरक्षा दीवार भी क्षतिग्रस्त है।
कृषि विषय का पद समाप्त पर शिक्षक है तैनात
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। विद्यालय में 2012 में कृषि विषय के अध्यापक का पद समाप्त कर दिया गया है मगर शिक्षक अभी भी तैनात है। शिक्षक का 19 साल से स्थानांतरण नहीं हुआ है। कृषि विज्ञान के शिक्षक और प्रभारी प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि वह विभाग से कई बार विद्यालय में स्थानांतरण करने की मांग कर चुके हैं। अभिभावक त्रिलोक सिंह ने कहा कि विभाग को रिक्त पद भरने चाहिए।
-
विद्यालय में गणित विषय का शिक्षक तो दो साल बाद आया। गृह विज्ञान, कला विषय बच्चे बिना गुरु के पढ़ रहे हैं और बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
शंकर दत्त पंत, अभिभावक।
-
विद्यालय भवन तो है, लेकिन सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधों को पशु नष्ट कर देते हैं। जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता है।
नरेश जोशी, अभिभावक।
-
रिक्त पदों का ब्योरा शासन को भेजा गया है। शासन स्तर से शिक्षकों की नियुक्ति होने पर रिक्त पदों को भरने की कार्यवाही की जाएगी।
एके जुकरिया, सीईओ।