डीडीहाट में दुग्ध संघ की बैठक में मौजूद पदाधिकारी।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। डीडीहाट दुग्ध संघ ने बैठक कर दूध के दामों में वृद्धि का निर्णय लिया। अब उपभोक्ताओं को एक मार्च से 50 रुपये प्रति लीटर दूध मिलेगा। दुग्ध संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशासन की ओर से नये रेटों को लेकर कोई कार्रवाई की जाएगी तो वे बाजार में दूध की सप्लाई बंद कर देंगे।
शनिवार को रामलीला मैदान में हुई बैठक की अध्यक्षता दुग्ध संघ अध्यक्ष इंद्र सिंह खोलिया ने की। दुग्ध संघ के पदाधिकारियों ने लगातार बढ़ रही महंगाई को देखते हुए दूध की दरों में बढ़ाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण दुग्ध उत्पादकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब 50 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से दूध बाजार में बेचा जाएगा। अभी डीडीहाट में 42 से 45 रुपये प्रति लीटर के दूध लोगों को मिल रहा था। उन्होंने कहा कि नये रेट एक मार्च से लागू किए जाएंगे। बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष मनोज साह, दीवान सिंह मेहता, खड़क सिंह कफलिया, चंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, रतन राम, केवलानंद, रमेश राम मौजूद रहे।