सुरक्षा को लेकर आयोजित बैठक में मौजूद अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
स्वतंत्रता दिवस पर भारत-नेपाल सीमा पर खास सतर्कता बरती जाएगी। एसडीएम एसके पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि सीमा पर अभी से सख्त निगरानी शुरू कर दी जाए। नेपाल की तरफ से कोई संदिग्ध व्यक्ति प्रवेश न करे, इसके लिए सुरक्षा बलों को सजग रहना होगा।
एसडीएम ने कहा कि नेपाल के साथ लंबी खुली सीमा लगती है। कुछ स्थानों पर झूलापुल भी बने हैं, जबकि कुछ अपराधी महाकाली को अवैध तरीके से पार कर पहुंचने का प्रयास करते हैं। उन्होंने पुलिस और एसएसबी के अधिकारियों से कहा कि संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए। पुलिस और एसएसबी के अधिकारियों ने बताया कि सीमा पर पेट्रोलिंग शुरू कर दी गई है। वैसे भी एसएसबी नेपाल सीमा पर लगातार गश्त करती रहती है। बैठक में कहा गया कि स्वाधीनता दिवस पर नगर में भव्य कार्यक्रम होंगे। स्कूली बच्चों की रैली निकलेगी और पौधरोपण, स्वच्छता के कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
बैठक में उत्तराखंड जनजाति परिषद के उपाध्यक्ष कैलाश रावत, क्षेत्र प्रमुख नेत्र सिंह कुंवर, बीडीओ एलडी जोशी, तहसीलदार आईबी मल्ल, थाना प्रभारी बलवंत कंबोज, रमेश बिष्ट समेत विद्यालयों के प्रधानाचार्य और कर्मचारी उपस्थित थे। उधर, झूलाघाट में भी पुलिस और एसएसबी ने नेपाल सीमा पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। थाना प्रभारी रोहतास सागर ने बताया कि नेपाल से आने वाले हर व्यक्ति की तलाशी ली जा रही है।