पिथौरागढ़ में एनसीसी के एक भारत श्रेष्ठ भारत ऑनलाइन कैंप के दौरान मौजूद एनसीसी के अधिकारी और कैड?
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। एनसीसी की 80-उत्तराखंड वाहिनी पिथौरागढ़ इकाई ने 19 से 24 अक्तूबर तक छह दिवसीय ऑनलाइन ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ सप्ताह का आयोजन वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से शुरू किया। इस आनलाइन गूगल मीट के जरिये उत्तराखंड और राजस्थान के एनसीसी कैडेट एक दूसरे की संस्कृति, रीति रिवाज और पर्यटन से परिचित होंगे।
कैंप में गूगल मीट के माध्यम से उत्तराखंड निदेशालय के 150 कैडेट, सात एनसीसी अधिकारी और राजस्थान के 150 कैडेट और पांच एनसीसी अधिकारी प्रतिभाग कर रहे हैं। एनसीसी पिथौरागढ़ के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आरएन पपनै और लेफ्टिनेंट हरीश सिंह बिष्ट ने बताया आयोजन के लिए एनसीसी उत्तराखंड निदेशालय कार्यवाहक और एनसीसी राजस्थान निदेशालय अतिथि कार्यदायी संस्था नियुक्त की गई हैं।
इस कैंप के माध्यम से प्रतिदिन कैडेटों के साथ आनलाइन संपर्क कर विभिन्न राष्ट्रीय गतिविधियों का आदान-प्रदान किया जाएगा। खासकर राजस्थान निदेशालय के कैडेट से वहां के रीति रिवाज, खानपान ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी उत्तराखंड के कैडेट ले रहे हैं। इसी के साथ राजस्थान के कैडेट भी उत्तराखंड के कैडेटों से यहां के रीति-रिवाज, खानपान, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।