उत्तराखंड की अंडर-16 बैडमिंटन टीम राजीव गांधी खेल अभियान के तहत चेन्नई में चल रही नेशनल बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंच गई है। टीम स्पर्धा के साथ खेली जा रही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ के होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी ऋत्विक चंद रजवार को पहली रैंकिंग प्राप्त है।
टीम स्पर्धा के सेमीफाइनल में उत्तराखंड के ऋत्विक चंद ने मध्यप्रदेश के मानी काहू को 21-18, 19-21, 21-15 से हराया। उत्तराखंड के भावेश पांडे ने मध्यप्रदेश के मनोज को 21-18, 21-15 से पराजित किया। उत्तराखंड की टीम में हल्द्वानी के भावेश पांडे, चंपावत के अक्षत वर्मा, देहरादून के ऋषिराज, काशीपुर के अमित पंत शामिल हैं। ऋत्विक के पिता नरेश चंद ने बताया कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। स्पर्धा के खिताब पर कब्जा जमाने के लिए टीम पूरी ताकत लगा रही है। राज्य की बैडमिंटन टीम के फाइनल पहुंचने की सूचना मिलने से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।