तल्ला जोहार क्षेत्र के विर्थी से लोग ब्रह्मकमल लाने के लिए रवाना हो गए हैं। दल में तीन गांव के 156 लोग शामिल हैं। शुक्रवार को भुर्तिंग, दाफा, मगर के लोग विर्थी से नंदाकुंड को ढोल नगाड़ों के साथ रवाना हुए। गांव की महिलाएं, बच्चे और बाजे वाले विर्थी से 5 किमी दूर केठी तक पहुंचाकर लौटे। यह दल शुक्रवार को 20 किमी दूर तीन हजार मीटर ऊंचाई पर स्थित थलठौक में रात्रि विश्राम करेगा। दूसरे दिन 19 सितंबर को सुबह 3 बजे 10 किमी दूर नंदाकुंड पहुंचकर कुंड में पूजापाठ करेंगे। पूजापाठ के बाद बह्मकमल को चुनने निकलेंगे। 20 सितंबर की रात लौटकर नंदा भगवती को ब्रह्मकमल चढ़ाएंगे। इस दिन नंदा भगवती मंदिर में रात को मेला लगेगा और 21 सितंबर को दिन का मेला आयोजित होगा। दल में विर्थी से नंदा भगवती के पुजारी चंचल सिंह बृथ्वाल, पंडित धीरज द्विवेदी, गोविंद सिंह बृथ्वाल, सुरेंद्र सिंह, त्रिभुवन सिंह, सुंदर राठौर, बहादुर सिंह, इंद्र सिंह, मोहन सिंह और दाफा से धन सिंह राणा, कैप्टन हयात सिंह राणा समेत कई लोग शामिल हैं।