डीडीहाट (पिथौरागढ़)। रामलीला मैदान में पांच दिनी नंदा महोत्सव का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हो गया है। पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सोरघाटी की हिलजात्रा (लखिया) का मंचन किया गया।
विधायक बिशन सिंह चुफाल ने सोमवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महोत्सव को भव्य बनाने के लिए हर संभव सरकारी मदद दिलाई जाएगी। इस दौरान ग्राम सभा हाट थर्प के कलाकारों ने हिरण चीतल, महाकाल की झांकी निकाली। महिलाओं ने ओ गोविंदी तेरे मैता को, ओ नंदा सुनंदा तू दैण हो जाए, ओ भिना कसक जानू द्वारहाटा गीतों पर झोड़ा-चांचरी की। साथ ही कलश यात्रा भी निकाली।
इससे पहले अभिलाषा एकेडमी ने गणपति, केवी मिर्थी ने झोड़ा चांचरी और जोहार जनजाति संगठन ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आयोजन कमेटी के अध्यक्ष डॉ. डीएस पांगती ने बताया कि भविष्य में महोत्सव को 10 दिनी करने के प्रयास किए जाएंगे। सचिव संजय पंत ने सभी का आभार जताया। ग्राम सभा हाट थर्प को शानदार प्रस्तुति के लिए मेला कमेटी के संरक्षक इंजीनियर एनएस टोलिया ने सम्मान पत्र दिया।
कार्यक्रमों के संचालन में धर्मेंद्र टोलिया, ऊषा टोलिया, मधु टोलिया, लवि कफलिया, त्रिलोक राणा आदि ने सहयोग किया। इस मौके पर पीएस पांगती, पूर्व पालिकाध्यक्ष कविंद्र साही, अजीत डसीला, गोविंद लाल, धन सिंह कफलिया, नंदा मंदिर कमेटी के पूरन सिंह टोलिया आदि मौजूद थे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए डीडीहाट समेत अन्य क्षेत्रों से लोग पहुंचे थे।