15 सितंबर 2015 को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने हिमालय की तलहटी पर बसे नामिक की सड़क का शिलान्यास किया था। सड़क के टेंडर हो गए हैं, लेकिन 25 दिन से पोकलैंड मशीन ककड़सिंह बैंड (क्वीटी) में खड़ी है। विभाग होकरा सड़क पर हॉटमिक्स का काम चलने के कारण पोकलैंड के स्थल पर न जा पाने की बात कर रहा है।
होकरा के लिए होकरा के पास बला से 17.34 किमी सड़क मंजूर है। सड़क के लिए 19 करोड़ रुपये मंजूर हैं। अगस्त में सड़क के टेंडर हो गए हैं। 15 सितंबर के बिर्थी दौरे में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नामिक की सड़क की आधारशिला रखी। उससे एक दिन पहले ठेकेदार ने नामिक की सड़क का काम शुरू करने के लिए ककड़सिंह बैंड पर पोकलैंड मशीन पहुंचा दी थी। मशीन आज भी उसी स्थान पर खड़ी है। वहीं, नामिक सड़क का काम शुरू न होने से नामिक के लोग मायूस हैं।
नामिक की प्रधान तुलसी देवी ने कहा कि 25 दिन बाद भी पोकलैंड मशीन ककड़सिंह बैंड में ही खड़ी है। मुख्यमंत्री के सामने लोनिवि के पीएमजीएसवाई डिवीजन के अधिकारियों ने तत्काल सड़क का काम शुरू करने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। ग्राम प्रधान ने कहा है कि मशीन को स्थल पर ले जाकर सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ कर देना चाहिए।
होकरा सड़क पर हॉटमिक्स का काम चल रहा है। पोकलैंड मशीन की चेन से हॉटमिक्स को नुकसान पहुंचेगा। ठेकेदार को सड़क पर टीन की सीट डालकर मशीन स्थल पर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्दी होकरा सड़क का काम शुरू होगा। -प्रवीण कर्णवाल, अधिशासी अभियंता, लोनिवि पीएमजीएसवाई डिवीजन धारचूला।