कुमाऊं विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयी टेबिल टेनिस प्रतियोगिता शुरू हो गई है। सोमवार को महाविद्यालय परिसर में विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी नागेंद्र शर्मा ने फीता काटकर दो दिनी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने चंपावत महाविद्यालय में लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किए जा रहे खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए महाविद्यालय परिवार की सराहना की। प्राचार्य डा.सीडी सूंठा की अध्यक्षता और डा.बृजेश्वर प्रसाद ओली के संचालन में हुए उद्घाटन मैच में अल्मोड़ा कैंपस ने नैनीताल को 3-0 से पराजित किया। जबकि, दूसरे मैच में पिथौरागढ़ ने रामनगर को 3-0 से, तीसरे मैच में हल्द्वानी ने चंपावत को 3-0 तथा चौथे मैच में काशीपुर ने बागेश्वर को 3-0 से हराया।
सोमवार खेले गए बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में अल्मोड़ा ने पिथौरागढ़ तथा हल्द्वानी ने काशीपुर को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। बालिका वर्ग में रामनगर ने पिथौरागढ़ को 3-2 तथा अल्मोड़ा ने महिला महाविद्यालय हल्द्वानी को 3-2 से पराजित किया। अब बालक वर्ग में हल्द्वानी और पिथौरागढ़, बालिका वर्ग में रामनगर और अल्मोड़ा के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। प्रतियोगिता के संचालन में कोच अजीत कुमार, संजय साह के अलावा याकत अली, जगदीश सिंह, डा.पीएस अधिकारी, डीएन जोशी, डीके उपाध्याय, नीलोफर अख्तर, जूही चुफाल, डा.सुमनकुमारी, डा.पल्लवी मिश्रा, सरस्वती बिष्ट, अल्का, छात्र संघ अध्यक्ष मनोज महर, योगेश पुनेठा, गौरव पांडेय आदि ने सहयोग किया। फाइनल मुकाबले आठ सितंबर को आयोजित किए जाएंगे।