लोहाघाट (चंपावत)। विकास खंड लोहाघाट के दूरस्थ भारत-नेपाल सीमा पर महाकाली नदी के तट पर आयोजित नगरूंघाट मेले का देवरथों की मंदिर परिक्रमा के साथ संपन्न हो गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर नागार्जुन बाबा का आशीर्वाद लिया। देर रात तक विभिन्न गांवों से देव जत्थों के आने का क्रम जारी रहा।
मेले में भारत-नेपाल से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस दौरान भजन-कीर्तन आदि कार्यक्रम आयोजित हुए। नागार्जुन मंदिर एवं नगरूंघाट मेला समिति की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सिद्धेश्वर कला केंद्र खटीमा के दलनायक नर सिंह कुंवर के नेतृत्व में कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। गायिका रेनू उपाध्याय, बाल गायक शिवांशु मेहता और रागिनी कुंवर के गीतों पर दर्शक झूमते रहे।
वहीं, मां झुमाधुरी कीर्तन मंडली प्रेमनगर पाटन की अध्यक्ष भावना गड़कोटी के नेतृत्व में महिला कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। मेले में दायित्वधारी सुभाष बगौली, हुकुम सिंह कुंवर, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, मुन्ना ढेक, राजशेखर जोशी, दरवान सिंह रजवार, राजेंद्र पुनेठा और पूर्व प्रमुख उषा देवी आदि भी पहुंचे। समिति अध्यक्ष जगदीश चंद्र कलौनी, सचिव कमल बोहरा, कोषाध्यक्ष रमेश चंद, मेला प्रभारी विक्रम सिंह सामंत व प्रेम सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन फार्मेसी अधिकारी डा. सतीश चंद्र पांडेय और कमल बोहरा ने संयुक्त रूप से किया।