नाचनी (पिथौरागढ़)। नाचनी में लगे बहुउद्देश्यीय शिविर में 14 विभागों के अधिकारियों ने जनता की समस्याओं का निराकरण किया। शिविर में लोगों के जरूरी प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
रविवार को मुनस्यारी के एसडीएम अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 14 विभागों ने स्टॉल लगाए। पशुपालन विभाग की डॉ. प्रेमलता बसेड़ा ने पशुओं में होने वाले रोगों और बचाव की जानकारियां दी। उद्यान विभाग की सहायक अधिकारी गायत्री पिपलिया ने उद्यमियों को उद्यान से संबंधित जानकारियां दी।
शिविर में व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश बथियाल के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने ज्ञापन सौंपकर बाजार में नाली निर्माण, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों की मरम्मत, शुलभ शौचालयों का निर्माण, आबकारी विभाग की दुकान में शराब की ओवर रेटिंग आदि समस्याओं को हल करने की मांग की।
जीआइसी के प्रधानाचार्य जीआर आर्य ने स्कूल की समस्याओं के निदान के लिए पत्र दिया, जिसका एसडीएम ने स्थलीय निरीक्षण भी किया। सदस्य पुष्पा देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपू चुफाल ने नाचनी बांसबगड़ सड़क पर 6 माह से भारी वाहन नहीं जाने, भुजगड़ नदी में सुरक्षा तटबंध निर्माण आदि की समस्याएं रखीं। जल एवं जलागम विकास परियोजना नाचनी के अवर अभियंता सत्येंद्र रावत ने भुजगड़ नदी में चेकडैम निर्माण के लिए जेसीबी की अनुमति ली। जनप्रतिनिधियों के अनुरोध पर एसडीएम अभय प्रताप ने तल्ला जोहार में प्रत्येक माह जनता दरबार लगाने का आश्वासन दिया। शिविर में तहसीलदार अबरार अहमद, योगेश चौबे, दलीप सिंह रावत, ललित मोहन पाठक, जीवन बिष्ट, महेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।
खेतभराड़ के ग्रामीणों ने की मुआवजे मांग
नाचनी (पिथौरागढ़)। खेतभराड़ गांव के शिष्टमंडल ने जुलाई में बरागाड़ में आई आपदा में नुकसान का मुआवजा देने की मांग की। क्षेत्र में सुरक्षा तटबंधों के निर्माण के लिए पत्र दिया। सिंचाई विभाग के प्रतिनिधि विनय रावत ने बताया कि आपदा मद से सुरक्षा कार्य होना संभव नहीं था। सुरक्षा कार्य के लिए चार करोड़ लागत का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। (संवाद)
जरूरी प्रमाण पत्र बनाए
नाचनी (पिथौरागढ़)। बहुउद्देशीय शिविर में लोगों के जरूरी प्रमाणपत्र बनाए गए। पंचायत विभाग ने 55 परिवार प्रमाण पत्र, चार जन्म प्रमाण पत्र जारी किए। 11 राशन कार्ड, 18 पेंशन, 12 बीपीएल के आवेदन पंजीकृत किए गए। यूपीसीएल ने 12 बिल सुधार किए। स्वास्थ्य विभाग के डॉ. मोहम्मद राशिद शेख ने सरकार की गाइड लाइन को अमल में लाने की अपील की। हुपुली के गोविंद सिंह ने तेंदुए के हमले में मृत गाय के मुआवजे का आवेदन दिया। (संवाद)