पिथौरागढ़। मुनस्यारी में आलू का उत्पादन बहुतायत होता है। यहां उत्पादित होने वाला आलू काफी पसंद किया जाता है। इसे देखते हुए उद्यान विभाग ने आलू बीज उत्पादन फेडरेशन से जुड़े काश्तकारों को 600 क्विंटल बीज निशुल्क उपलब्ध कराया। विभाग ने इस बीज को ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार को छोड़कर अन्य पर्वतीय जिलों में उपलब्ध कराया। इस 600 क्विंटल बीज से काश्तकारों ने 4000 क्विंटल आलू का उत्पादन किया। इससे उन्हें 1.60 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है।
फेडरेशन में बोना, तोमिक, गोल्मा, डोल्मा, क्यूरीजिमिया समेत 12 गांवों के 105 काश्तकार जुड़े हैं। ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक हरीश कोहली ने बताया कि राज्य में एकमात्र बीज उत्पादन संस्थान मुनस्यारी में है। काश्तकारों की मांग पर बीज उपलब्ध कराया जाता है। दिसंबर और जनवरी में इसकी मांग अधिक रहती है। विभाग की ओर से समय-समय पर काश्तकारों को बागवानी का प्रशिक्षण दिया जाता है।