मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा और छिपलाकेदार में गणतंत्र दिवस पर बर्फबारी के बाद मंगलवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। इससे बर्फीली हवाएं चलने से तराई-भाबर में भी एकाएक ठंड बढ़ गई है। धारचूला तहसील में नारायण आश्रम से आगे लिपुलेख तक कैलास मानसरोवर पैदल यात्रा मार्ग पर भी जमकर बर्फबारी हुई। इधर नैनीताल में भी दोपहर बाद बारिश के साथ कुछ देर हिमकण गिरे।
पिथौरागढ़ जिले में मंगलवार को निचले इलाकों में हल्की बारिश के बाद यहां न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार बादलों की आवाजाही अभी बनी रहेगी। अगले 48 घंटे में फिर से कुछ हिस्सों में हल्के और मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। गढ़वाल में भी बदरी-केदार,गंगोत्री, यमुनोत्री समेत अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई है।