मलबा आने से बंद मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क
- फोटो : अमर उजाला
जिले भर में शनिवार रात बारिश हुई, जो सुबह तक जारी रही। मुनस्यारी में महज पांच एमएम, जबकि बेड़ीनाग में सबसे अधिक 25 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। बारिश से रविवार को थल-मुनस्यारी, मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क कई स्थानों पर बंद रही। जिले की कई आंतरिक सड़कें भी बंद हैं।
मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क पर ग्रिफ बैंड के पास शनिवार रात में किसी समय भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। इससे सड़क बंद हो गई। थल-मुनस्यारी सड़क बनिक में भी बाधित रही। नाचनी के रातीगाड़ में सुबह से कई बार सड़क बंद रही। लोनिवि के पोकलैंड और डोजर मलबा हटाने में जुटे रहे। बलुवाकोट-पैय्यापौड़ी, मदकोट-बोना, मदकोट-बसंतकोट, बेड़ीनाग-पौसा सड़क बंद है।
बघर-डोबालखेत, दशाईथल-अग्रोन, मसूरीकांठा-होकरा समेत कई सड़कों पर भारी मलबा गिरने से यातायात बाधित रहा। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी, पोकलैंड मशीनें लगी हैं। लगातार हो रही बारिश से हालात और बिगड़ रहे हैं। रविवार को जिले की 20 सड़कें मलबा गिरने से प्रभावित थीं। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 14 सड़कों पर यातायात बहाल हो गया है।
जनपद में कहां कितनी हुई बारिश
पिथौरागढ़- 18 एमएम
गंगोलीहाट- 23 एमएम
बेड़ीनाग - 25 एमएम
डीडीहाट - 12 एमएम
धारचूला - 13 एमएम
मुनस्यारी - 5 एमएम