रातीगाड़ में बंद सड़क को खोलता डोजर
- फोटो : अमर उजाला
मुनस्यारी-थल मोटर मार्ग मंगलवार को कई बार बाधित हुआ। जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग कई स्थानों में बंद है। मुनस्यारी-थल मोटर मार्ग बनिक में 13 घंटे बाद खुला। सड़क खोलने के दौरान पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से जेसीबी ऑपरेटर को हल्की चोटें आई।
थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे बोल्डर और मलबा गिरने के कारण बंद हो गई थी। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे सड़क में यातायात बहाल हुआ। लोनिवि के जेसीबी ऑपरेटर लक्ष्मण सिंह सयाला नेजान जोखिम में डालकर सड़क खोलने का काम किया। एक बार पहाड़ी से गिरे बोल्डर से बचने के लिए उन्हें जेसीबी छोड़कर भागना पड़ा।
भागते समय वह चोटिल हो गए। चोट लगने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सड़क खोलने में लगे रहे। रातभर से बंद रातीगाड़ सड़क मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे खुली थोड़ी देर बाद फिर बंद हो गई। 11.30 बजे सड़क में यातायात बहाल हुआ। पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है। पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है।
रातीगाड़ पर दो कांस्टेबल तैनात किए
प्रशासन ने रातीगाड़ पर दो पुलिस कांस्टेबल तैनात किए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति लगातार हो रही स्लाइडिंग के बीच पैदल आवागमन न कर सके। जौलजीबी-मदकोट-मुनस्यारी सड़क घिंघरानी और दरकोट के पास भी खतरनाक बनी हुई है। सड़क में भारी मात्रा में बोल्डर गिरे हैं। लोग जान जोखिम में डालकर पैदल आवागमन कर रहे हैं।