झूलाघाट से पिथौरागढ़ जाने वाली सड़क पर वड्डा पुलिस चौकी के पास बना मसानीगाड़ पुल जर्जर हालत में पहुंच गया है। सोमवार को दिन में हुई बारिश के समय पुल में पानी भर गया। यह पानी मंगलवार को भी नहीं हट पाया है। पुल में पानी के निकास वाले पाइप बंद हो गए हैं। दीवारें जर्जर हालत में पहुंच गई हैं, यदि किसी समय पुल को कोई खतरा होता है तो नेपाल सीमा तक आवागमन ठप हो जाएगा।
बताया गया कि 1960 में सड़क निर्माण के समय ही पुल बनाया गया था। तब से लेकर अब तक न तो पुल की मरम्मत हुई और न रंगरोगन ही किया गया। नेपाल सीमा के सिरकुच, अड़किनी, माजिरकांडा, दौली, दोबांस को जोड़ने वाले इस पुल पर खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल से ही पैदल आवागमन भी होता है, यदि पुल में पानी भर जाए तो उसे पार करना कठिन हो जाता है।
कई दिन तक पुल का कीचड़ सूखता नहीं है। बताया गया कि पुल की दोनों सपोर्ट दीवारों में दरारें आ गई हैं। पानी के निकास की व्यवस्था न होने से पानी दीवारों को नुकसान पहुंचा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार लोनिवि को पत्र लिखा है, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। लोनिवि के अधिशासी अभियंता एनसी जोशी का कहना है कि पुल की मरम्मत का प्रस्ताव बनाया गया है। धनराशि मिलते ही इसकी मरम्मत का काम शुरू कर दिया जाएगा।