पिथौरागढ़ में शिलारोहण प्रशिक्षण के उद्घाटन पर मौजूद छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
बीएडीपी योजना के तहत यहां मुनस्यारी विकासखंड की छात्राओं का शिलारोहण प्रशिक्षण शुरू हो गया है। कुमाऊं मंडल विकास निगम इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को आयोजित कर रहा है। प्रशिक्षण शुरू होने से पहले छात्राओं को योग की जानकारी दी गई। बाद में उनको चंडाक रोड पर स्थित पहाड़ी पर चढ़ने का अभ्यास कराया गया।
केएमवीएन के साहसिक पर्यटन प्रबंधक दिनेश गुरुरानी ने बताया कि छात्राओं को शिलारोहण के दौरान जुमारिंग, रैपलिंग और आपदा प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। यह प्रशिक्षण आपदा के समय काम आएगा। प्रशिक्षितों की मदद आपदा राहत में ली जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा छात्राओं को हिमालय बचाओ अभियान और स्वच्छ भारत अभियान से भी जोड़ा जा रहा है। हर प्रशिक्षणार्थी से शपथपत्र भराया जाएगा।
मुख्य प्रशिक्षक बासु पांडे ने बताया कि शिलारोहण के समय बैलेंस बनाना जरूरी होता है। यदि बैलेंस हो तो किसी भी कठिन पहाड़ी पर आसानी से चढ़ा जा सकता है। इस दौरान राहुल भट्ट, नंदा वर्मा, शीतल ने छात्राओं को शिलारोहण के टिप्स दिए। प्रशिक्षण पांच दिनों तक चलेगा।