पिथौरागढ़ के सेना ब्रिगेड स्थित एटीएम से भी नहीं निकल रही रकम
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के ज्यादातर एटीएम रविवार को बंद रहे। भारतीय स्टेट बैंक के सभी एटीएम लगातार दूसरे दिन भी बंद रहे। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि एसबीआई ने सोमवार को एटीएम में रकम डालने की बात कही है।
बैंकों में शनिवार से तीन दिन का अवकाश है। अवकाश के दूसरे दिन रविवार को शहर के अधिकतर एटीएम खाली रहे। मुख्य बैंक एसबीआई के सभी सातों एटीएम में नकदी का अभाव रहा। एसबीआई के अंदर स्थित एटीएम बैंक के बंद होने से उपयोग में नहीं आ सका, जबकि ब्रिगेड कैंटीन, रोडवेज बस स्टेशन, आईटीबीपी, भड़कटिया, पुलिस लाइन और कासनी स्थित एटीएम बंद रहे।
बैंक के सहायक प्रबंधक मुन्ना गिरी ने बताया कि सोमवार को एटीएम में नकदी डाली जाएगी। उधर, एसबीआई के अलावा कई बैंकों के एटीएम ने भी जवाब दे दिया। आईडीबीआई, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई, कूर्मांचल नगर सहकारी बैंक, बैंक आफ बड़ौदा, सिंडिकेट बैंक, सेंट्रल बैंक और यूको बैंक के एटीएम बंद होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।