आदि कैलाश में शिव पार्वती मंदिर और पार्वती कुंड दर्शन के लिए घोड़े-खच्चर के लिए लाइन में लगे य
धारचूला (पिथौरागढ़)। आदि कैलाश के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंच रहे हैं। अब तक 17000 से अधिक यात्री ओम पर्वत और आदि कैलाश के दर्शन कर चुके हैं।
इस वर्ष प्रशासन ने दो मई से आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन के लिए यात्रियों को इनर लाइन परमिट देने शुरू किए। इसके बाद से ही बड़ी संख्या में यात्री यहां पहुंच रहे हैं। एसडीएम मंजीत सिंह ने बताया कि दो मई से 17 जून तक 17955 इनर लाइन परमिट जारी हो चुके हैं। पिछले साल लगभग 15000 पास जारी हुए थे। पिछले वर्ष अक्तूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आदि कैलाश यात्रा के बाद विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में यात्री आदि कैलाश दर्शन को उमड़ रहे हैं। इससे होटल, होम स्टे, वाहन संचालकों के चेहरे भी खिले हुए हैं। ग्राम गुंजी के होम स्टे संचालक अर्चना गुंज्याल, प्रियंका गुंज्याल, नाबी के मदन नबियाल, कुटी के कुंवर सिंह कुटियाल ने बताया कि यात्रियों की लगातार आवाजाही से सभी को अच्छा रोजगार मिला है। संवाद
आज और कल नहीं जारी होंगे इनर लाइन परमिट
धारचूला (पिथौरागढ़) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 21 जून को योगा दिवस पर आदि कैलाश (ज्योलिंगकांग) में कार्यक्रम के चलते 19 और 20 जून को इनर लाइन परमिट जारी नहीं होंगे। मुख्यमंत्री 20 जून को गुंजी में रात्रि विश्राम करेंगे। एसडीएम मंजीत सिंह ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ज्योलिंगकांग (14500 फुट) स्थित आदि कैलाश में कार्यक्रम के लिए जिले के सभी विभाग तैयारी में जुटे हैं।