मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक जगत मर्तोलिया ने कहा है कि मुनस्यारी में बिना लाइसेंस के 12 से अधिक स्नूकर सेंटर चल रहे हैं। अवैध रूप से चल रहे इन सेंटरों पर कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने डीजीपी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
ई-मेल से डीजीपी को भेजे पत्र में उन्होंने कहा है कि मुनस्यारी में संचालित हो रहे स्नूकर सेंटर के पास लाइसेंस नहीं है। उन्होंने कहा है कि जिला पंचायत केवल व्यवसाय होने का परमिट देता है। जिला पंचायत के लाइसेंस से किसी भी प्रकार का व्यवसाय करने का वैधानिक अधिकार नहीं मिलता है।
उन्होंने दावा किया कि ये अवैध स्नूकर सेंटर 24 घंटे में अधिकांश समय खुले रहते हैं। इनमें सीसीटीवी भी नहीं लगे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ स्नूकर सेंटर में नशे के कारण नई पीढ़ी बर्बाद हो रही है। मर्तोलिया ने कहा कि स्थानीय पुलिस अधिकारियों से शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा है कि यदि अवैध स्नूकर सेंटर बंद नहीं हुए तो स्थानीय पुलिस के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। संवाद