मुनस्यारी में बंदरों के हमले में घायल छात्र। संवाद
मुनस्यारी(पिथौरागढ़)। पर्यटन नगरी में स्कूल जा रहे एक छात्र पर बंदरों ने हमला कर दिया। घटना में छात्र घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बंदरों के हमले की बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने बंदरों से निजात दिलाने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक निजी विद्यालय में कक्षा पांचवीं का छात्र नानासेम निवासी शनिवार सुबह घर से स्कूल के लिए निकला। स्कूल पहुंचते ही उस पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना में बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। चिल्लाने की आवाज सुनकर शिक्षक बाहर निकले और उन्होंने बंदरों को खदेड़कर बच्चे को उनके चंगुल से छुड़ाया। हालांकि तब तक बंदर उसके हाथ-पैरों में गहरे जख्म कर चुके थे। शिक्षकों ने घायल बच्चे को सीएचसी पहुंचाया जहां इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। विद्यालय प्रबंधन के मुताबिक, स्कूल और इसके आसपास बंदर आक्रामक हो गए हैं जो आए दिन विद्यार्थियों और अन्य लोगों पर हमला कर रहे हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष पूरन पांडे ने कहा कि अब तक बंदर कई राहगीरों के साथ ही पर्यटकों पर हमला कर चुके हैं। आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र बंदरों से निजात दिलाने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
दो दिन पूर्व आया को भी बंदरों ने किया जख्मी
दो दिन पूर्व इसी स्कूल की आया को बंदरों ने हमला कर घायल कर दिया था। आया नानासेम निवासी रीता बिष्ट को भी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बंदरों के हमले की बढ़ती घटनाओं को रोकने की वन विभाग से मांग की है। उन्होंने कहा कि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन होगा।
कोट
बंदरों के हमले में बच्चे के घायल होने की सूचना मिली है। जल्द ही बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। - लवराज सिंह पांगती, रेंजर, मुनस्यारी