पिथौरागढ़। अक्तूबर 2023 में आदि कैलाश और जागेश्वर धाम से पिथौरागढ़ में आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो चुनावी शंखनाद किया था उसकी गूंज केवल अल्मोड़ा ही नहीं बल्कि प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों तक पहुंची। जिस तरह से लोकसभा चुनावों का परिणाम लगातार तीसरी बार भाजपा के पक्ष में गया है उससे साबित हो गया है कि देवभूमि में पहाड़ से लेकर मैदान तक मोदी मैजिक आज भी बरकरार है।
उत्तराखंड की पांच लोक सभा सीटों में वर्ष 2014 से भाजपा का कब्जा है। 2019 के लोक सभा चुनावों में मोदी मैजिक के कारण पांचों सीटाें में भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड मतों से जीत मिली थी। उत्तराखंड में यह मैजिक 2024 के लोक सभा चुनाव में भी बरकरार रहा है। अक्तूबर 2023 को आदि कैलाश के दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा को आध्यात्मिक यात्रा के नजरिये से देखा गया हो लेकिन असल में पिथौरागढ़ में आयोजित रैली में जिस तरह से उन्होंने सरकार की तमाम उपलब्धियों को गिनाने के साथ ही विपक्ष पर तीखे प्रहार किए थे उससे साफ हो गया था कि प्रधानमंत्री ने चुनावी शंखनाद कर दिया है।
उनकी जनसभा में उन्हें देखने और सुनने के लिए जिस तरह से भीड़ उमड़ी थी उससे भी साबित हो गया था कि मोदी मैजिक अभी बरकरार है। लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान कर अपना यह मोदी प्रेम जाहिर भी किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। समय-समय पर पीएम मोदी उत्तराखंड के दौरे पर आते रहे हैं। चुनाव की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के रुद्रपुर और ऋषिकेश में दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया।
इन रैलियों के माध्यम से भी पहाड़ और मैदान की पांचों लोक सभा सीटों के मतदाताओं को अपने करीब लाने में सफल रहे। इस मोदी मैजिक ने भाजपा के उम्मीदवारों की राह आसान कर दी। पार्टी ने भी मोदी के चेहरे को आगे रखा। इसका परिणाम यह हुआ कि पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल और अल्मोड़ा सीटों में भाजपा को लगातार तीसरी बार जीत मिली। पौड़ी से अनिल बलूनी, टिहरी से माला राजलक्ष्मी, हरिद्वार से त्रिवेंद्र सिंह रावत, नैनीताल से अजय भट्ट और अल्मोड़ा सीट पर अजय टम्टा जीत दर्ज करने में सफल रहे हैं।