विधायक विशन सिंह चुफाल जब अस्कोट में मजदूरों को दिल्ली की संस्था की ओर से उपलब्ध कराए गए किट बांट रहे थे, उसी दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक पर क्षेत्र की समस्याओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए, उनके खिलाफ नारेबाजी की।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे राम सिंह, मनोज लुंठी, बिजेंद्र भंडारी, नीरज कुंवर, जीत सिंह रावत, विनोद लुंठी, मयंक खत्री, उप प्रधान कैलाश पाल, पंकज कुमार, रजत लुंठी, महेंद्र जेठी, दीपक सिंह आदि ने विधायक को काले झंडे दिखाते हुए कहा कि अस्कोट अस्पताल में डाक्टर नहीं हैं। इलाके के स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। तहसील खोलने की मांग की अनदेखी की जा रही है। सुलभ शौचालय तक नहीं है। सरकार तो समस्याओं का निदान नहीं कर रही है। लंबे समय से क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे विधायक भी इन समस्याओं के निराकरण के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहे हैं।
उधर, चुफाल ने कार्यक्रम में बाधा डालने को गलत बताते हुए कहा कि एक महीने में अस्कोट अस्पताल में डाक्टर की तैनाती नहीं होती है तो वह अस्कोट में धरना देंगे। विधायक निधि से शौचालय और पानी की टंकी बनाई जाएगी। वहीं उप प्रधान कैलाश पाल ने कहा कि उन लोगों ने कार्यक्रम का विरोध नहीं बल्कि विधायक का विरोध किया।