अस्कोट क्षेत्र के गुर्जी गाड़ गधेरे में इन दिनों एक बूंद भी पानी नहीं है। खनन के चलते इस गधेरे का पानी भूमिगत हो गया है। इसके बावजूद भी इसमें हो रहा अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
इस गधेरे में पांच साल पहले गर्मी में भी काफी पानी रहता है। बरसात के दौरान तो इसे पार करना संभव नहीं होता था। तब बरसात के दौरान तो इसमें लोगों के बहने की घटनाएं हो जाती थी। जौलजीबी-टनकपुर निर्माणाधीन सड़क भी इसी गधेरे से होकर जाती है। बरसात जब यह गधेरा उफान पर रहता था वाहनों की आवाजाही तक रुक जाती थी। कुछ सालों से गधेरे का जलस्तर तेजी से घटा है।
विज्ञापन
इन दिनों तो इसमें एक बूंद भी पानी नहीं है। सिंघाली निवासी शोबन सिंह, धरम सिंह, पुष्कर सिंह, देवेंद्र सिंह कहते हैं कि गुर्जीगाड़ गधेरे में में पानी की बूंद न होना आश्चर्य में डाल रहा है। इसमें कई खनन पट्टे शासन से जारी हैं। वैध पट्टों की आड़ में अवैध खनन का धंधा जोरों पर चलता है। पूरे गधेरे पर खनन की मार पड़ रही है। खनन माफियाओं ने गधेरे में जगह-जगह पर बड़े गड्ढे बना दिए हैं। जिसके कारण गधेरे का जल भूमिगत हो गया है। लोगों का कहना है कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
-गुर्जीगाड़ में कुछ वैध पट्टे जारी हुए हैं। भू वैज्ञानिकों के साथ स्थल का निरीक्षण किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वैभव गुप्ता उपजिलाधिकारी डीडीहाट