पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय के पौण क्षेत्र में अवैध खनन में लिप्त टिप्पर को खनन कारोबारी रास्ते से छुड़ा ले गए। ज्येष्ठ खान अधिकारी ने पौण-पिथौरागढ़ सड़क पर एक टिप्पर सड़क किनारे से खुदान कर पत्थर भरते पकड़ा था। वाहन चालक खनन संबंधी दस्तावेज नहीं दिखा पाया, जिसके बाद वाहन सीज कर पुलिस लाइन लाया जा रहा था, लेकिन खनन कारोबारी अपने साथियों के साथ रास्ते में पहुंचकर टिप्पर को छुड़ा ले गए। खान अधिकारी की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नगर से सटे पौण क्षेत्र में ज्येष्ठ खान अधिकारी राजपाल लेघा 27 अगस्त को शाम सात बजे चंडाक से पौण ग्राम को जाने वाली सड़क पर अवैध खनन की रोकथाम को लेकर गश्त कर रहे थे। इस दौरान वाहन (यूके05 सीए 0925) अवैध रूप से पत्थर भरते पाया गया। पूछताछ में चालक ने वाहन वीरेंद्र सिंह का होना बताया। पत्थर को लेकर कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया, जिसके बाद वाहन सीज कर पुलिस लाइन लाया जा रहा था, तभी वीरेंद्र सिंह अपने 15-20 साथियों के साथ बोलेरो (यूके05 डी1777) एवं अन्य वाहनों से पहुंच गया। उसने पुलिस लाइन से पहले मोड़ पर टिप्पर और ज्येष्ठ खान अधिकारी के वाहन को रोक दिया। वह टिप्पर छोड़ने का दबाव बनाने के साथ ही अभद्रता करने लगा और मौके से टिप्पर को छुड़ा ले गया। इस मामले में खान अधिकारी ने 28 अगस्त को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
मामले में डीएम ने एसडीएम, ज्येष्ठ खान अधिकारी, अन्य अधिकारियों को खनन स्थल क्षेत्र में जाकर जांच के निर्देश दिए। जांच में वीरेंद्र अवैध खनन की गतिविधि में लिप्त मिला। उस पर बिना अनुमति के खनन करने पर 2 लाख का जुर्माना और अवैध रूप से मिले उपखनिज की पांच गुना रायल्टी 13.53 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। शनिवार को मामले में पुलिस ने धारा 186/341/353/382 आईपीसी व 4/21 खनन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।