मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। यहां सरमोली गांव में सोमवार को आयोजित मिनी मैराथन में कई लोगों ने हिस्सा लिया। धावकों ने 2550 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बेटुलीधार तक का रन किया। दो वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के 58, सीनियर वर्ग के 36 धावक शामिल हुए।
जूनियर वर्ग के लिए पांच किमी और सीनियर वर्ग के लिए 12 किमी की दूरी तय की गई। मिनी मैराथन की आयोजक मल्लिका विर्दी ने बताया कि लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने, उनमें खेल की भावना विकसित करने, शरीर को फिट रखने के लिए हर साल यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है।
सरमोली बैंड में मैराथन को हरी झंडी दिखाते हुए समाजसेवी बसंती रावत ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से पर्यटकों को भी आकर्षित किया जा सकता है। मिनी मैराथन में स्थान पाने वालों को बाद में सम्मानित किया जाएगा। मिनी मैराथन 2300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित सरमोली से शुरू हुई और धावकों ने बेटुलीधार तक के ट्रैक को पूरा किया। छोटे बच्चों ने इसमें उत्साह के साथ भाग लिया।