कनालीछीना के टेंट हाउस की दुकान में लगी आग के बाद जला सामान।
- फोटो : PITHORAGARH
कनालीछीना (पिथौरागढ़)। कनालीछीना बाजार स्थित टेंट हाउस में रविवार रात आग लगने से करीब 16 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। रविवार देर रात की इस घटना से कस्बे में अफरातफरी मच गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। दुकान स्वामी ने मुआवजे की मांग की है।
रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे कनालीछीना कस्बे के स्वर्णकार किशोर वर्मा ने बेतालेश्वर टेंट हाउस एंड लाइट डेकोरेशन की दुकान में आग लगी देखी। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय लोगों और दुकान स्वामी सिरौली निवासी राजेश सिरौला (रवींद्र) को दी। अग्निकांड की सूचना पर थानाध्यक्ष अशोक धनकड़, एसडीएम केएन गोस्वामी मौके पर पहुंचे। फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी आन सिंह परिहार के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे दमकल जवानों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया था। सोमवार को दुकान स्वामी राजेश सिरौला ने कनालीछीना में थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में आग से करीब 16 लाख रुपए का नुकसान होने की जानकारी देते हुए मुआवजा दिलाने की मांग की है। मकान मालिक सिरोली निवासी मिलाप राम ने भी थाने में तहरीर देकर मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना दी है। थानाध्यक्ष अशोक धनकड़ ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। व्यापारियों ने प्रभावित व्यापारी और मकान स्वामी को आपदा मद से आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है। अग्निशमन टीम में पुष्कर सिंह, चंदन सिंह नेगी, दीपक रावल, सुनील काला, दीपक बिष्ट शामिल थे।