पिथौरागढ़। दिवाली के बाद प्रवासी रोजगार के लिए मैदानी क्षेत्रों में लौटने लगे हैं। ऐसे में बीते कुछ दिनों से वीरान पड़ा रोडवेज स्टेशन यात्रियों से गुलजार हुआ है। पर्याप्त यात्री मिलने से निगम में भी खुशी है। रोडवेज स्टेशन में यात्रियों की भीड़ रही। मैदानी क्षेत्रों के लिए सभी बसें पैक होकर रवाना हुईं। चंद मिनटों में ही सीट फुल होने से बसों को रवाना किया गया।
दरअसल, दिवाली मनाने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी सीमांत जिले में लौटे थे। दिवाली खत्म होते ही इनका रोजगार के लिए मैदानी क्षेत्रों में लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को रोडवेज स्टेशन में सुबह से ही यात्रियों की भीड़ रही। यात्रियों की संख्या को देखते हुए निगम ने दिल्ली, देहरादून, टनकपुर, हल्द्वानी, लखनऊ रूट पर 19 बसों का संचालन किया। वर्कशॉप से स्टेशन पहुंचते ही बसें फुल हो गईं। ऐसे में निगम को यात्रियों के लिए इंतजार नहीं करना पड़ा और बसों को समय से पहले ही रवाना कर दिया गया। दोपहर तक भी यात्रियों की आवाजाही होती रही। ऐसे में निगम ने टनकपुर, दिल्ली और देहरादून रूट पर अतिरिक्त बस का संचालन किया। पर्याप्त बसों का संचालन होने से यात्रियों को राहत मिली और उन्हें सीट के लिए मारामारी नहीं करनी पड़ी।
-
अगले कुछ दिनों तक रहेगी भीड़, निगम की बढ़ेगी आय
निगम के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक यात्रियों की भीड़ रहेगी। ऐसे में निगम ने इसकी तैयारी की है। पांच बसों को रिजर्व में रखा गया है। जिस रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक होगी वहां इन बसों का संचालन होगा।
-
मैदानी क्षेत्रों से कम मिल रहे हैं यात्री
निगम के मुताबिक, जिले से मैदानी क्षेत्रों में लौटने वाले यात्रियों की संख्या अधिक है। इसके सापेक्ष मैदानी क्षेत्रों से यात्री कम मिल रहे हैं। हालांकि हर रूट जिले से मैदानी क्षेत्रों को लौटने वाले पर्याप्त यात्री मिलने से निगम को इसका नुकसान नहीं झेलना पड़ रहा है।
कोट
यात्रियों की संख्या बढ़ी है। डिपो के पास पर्याप्त बस हैं। यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। - रवि शेखर कापड़ी, एआरएम, पिथौरागढ़ डिपो