पिथौरागढ़। पेयजल, ग्रामीण निर्माण और जनगणना मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने शनिवार शाम विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों से कार्यशैली में बदलाव लाकर निर्धारित समय पर काम पूरा कर जनता तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी कतई यह न सोचें कि शिकायत पर यहां से स्थानांतरण हो जाएगा पर ऐसा नहीं होगा।
मंत्री चुफाल ने कहा कि अधिकारियों से पूरा काम लिया जाएगा। जो अधिकारी फील्ड में कार्य नहीं कर पा रहे हैं उन्हें कार्यालय में कार्य करना होगा। अधिकारी विकास कार्यों को प्राथमिकता दें और वर्ष की शुरुआत में ही लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप कार्य किया जाय।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग की ओर से दी जाने वाली सभी पेंशन योजनाओं के विकास खंडवार शिविर लगाकर पात्र व्यक्तियों के आवेदन भरकर लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को समस्या न हो शिविरों में चिकित्सा विभाग की टीम जाकर प्रमाणपत्र बनाने को कहा।
मंत्री ने श्रम विभाग एवं पूर्ति विभाग को श्रम कार्ड, राशन कार्ड के लिए सभी ब्लॉकों में शिविर लगाने के निर्देश दिए। पेयजल की समीक्षा में उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति तक पेयजल उपलब्ध कराने को कहा।
लोनिवि की समीक्षा के दौरान उन्होंने बरसात से पहले जिला मुख्यालय एवं ब्लॉक मुख्यालय को जोड़ने वाली सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कृषि, उद्यान, पशुपालन विभाग को स्वरोजगार को बढ़ाए जाने के लिए विभागीय स्तर पर योजनाएं प्रस्तावित कर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक चंद्रा पंत, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका बोहरा, अध्यक्ष नगर पालिका राजेंद्र रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र वल्दिया, सीडीओ अनुराधा पाल आदि रहे।