मुनस्यारी तहसील में समस्याएं सुनते डीएम आनंद स्वरूप।
- फोटो : PITHORAGARH
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। डीएम आनंद स्वरूप ने मुनस्यारी तहसील का निरीक्षण किया। मुनस्यारी पहुंचने पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोहर टोलिया ने मफलर एवं जोहारी टोपी पहनाकर डीएम का स्वागत किया। निरीक्षण के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक की। स्थानीय समस्याओं और विभागों की कार्य प्रगति पर चर्चा करते हुए उन्होंने आपदा पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी ली।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में सिंचाई विभाग के धारचूला डिवीजन में आपदा के 22 कार्य चल रहे हैं, जो 90 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं। लोनिवि के 14 कार्य चल रहे हैं। स्थानीय लोगों ने थल-मुनस्यारी मार्ग पर गिन्नी बैंड और रातापानी में सड़क की दशा खराब होने का मामला उठाया।
डीएम ने आपदा से प्रभावित जोशा एवं धापा गांवों के विस्थापन को लेकर तहसील की टीम को भूमि चयन करने को कहा। आपदा क्षेत्रों में अस्थायी सेल्टर होम के लिए भूमि चयन कर शासन को प्रस्ताव भेजने को कहा ताकि आपदा के समय प्रभावितों को बसाया जा सके। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आलू का बीज दिलाने की मांग रखी।
मदकोट मुनस्यारी मोटर मार्ग पर बीआरओ की सड़क में उपयोग हुई भूमि का मुआवजा देने की मांग भी प्रमुखता से उठी। इस दौरान एसडीएम अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार एके सिंह, पूर्व प्रधान सुंदर राम, दान सिंह, लक्ष्मण सिह, दीपू बृजवाल, हरीश चिराल, विक्रम दानू आदि थे।