मुवानी दारमा पुल निर्माण की मांग को लेकर बंगापानी तहसील में प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : पिथौरागढ़
गोरी नदी पर शीघ्र मोटर पुल बनाने की मांग को लेकर मवानीदवानी के ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय में धरना दिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांग को जल्द पूरा नहीं किया गया तो वे आमरण अनशन करेंगे।
क्षेत्र पंचायत सदस्य भगत सिंह मेहरा के नेतृत्व में ग्रामीण तहसील कार्यालय पर एकत्र हुए और धरना दिया। उन्होंने उप जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि दो वर्ष पूर्व मोटर पुल का टेंडर होने के बाद भी अभी तक कार्य शुरू नहीं किया गया है। बिना गोरी नदी पर पुल बनाए ही चार किमी सड़क काट दी गई है। उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि बगैर नदी में पुल बनाए सड़क काटा जाना विकास के नाम पर उनके साथ मजाक है। कहा कि इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन से वार्ता की गई, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकाला।
उन्होंने गोरी नदी में शीघ्र मोटर पुल बनाए जाने की मांग उठाई। ग्रामीणों के धरने पर बैठने की सूचना मिलने पर लोनिवि डीडीहाट के सहायक अभियंता शरद जिंदल, जेई महेश राम भी मौके पर पहुंच गए। रजिस्ट्रार कानूनगो धन गिरी ने ज्ञापन लेते हुए कहा कि ग्रामीणों की मांग प्रशासन तक पहुंचा दी जाएगी। इस मौके पर विजय सिंह धामी, हेमा देवी, वसंती देवी, कमला, तुलसी, कुंवर सिंह, रमेश धामी, उत्तम गिरी, कैलाश राम, गणेश नेगी, खड़क सिंह, जसपाल सिंह, ललित सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।