धारचूला (पिथौरागढ़)। सीमांत जिले के नेपाल सीमा से सटे गर्ब्यांग स्थित एसएसबी की 11वीं वाहिनी के कैंप में बुखारी फटने से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते सभी बैरक को अपनी चपेट में ले लिया इससे जवानों में अफर-तफरी मच गई। उन्होंने बमुश्किल भागकर अपनी जान बचाई। जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया। घटना में एसएसबी को खासा नुकसान हुआ है।
गर्ब्यांग एसएसबी कैंप में बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे बुखारी फटने के बाद आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटे इतनी भीषण थीं जो दूर से ही दिखाई दे रही थीं। एसएसबी के अधिकारियों के मुताबिक आग बुखारी फटने की वजह से लगी। राहत की बात यह रही कि हादसे में सभी जवान सुरक्षित बच गए।
एसडीएम धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि 11वीं वाहिनी डीडीहाट के कमांडेंट डॉ. अतुल कुमार राय ने घटना की पुष्टि की है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बुखारी फटना बताया जा रहा है। एसएसबी, आईटीबीपी के जवानों ने ग्रामीणों की मदद से चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पांगला में फंसे कमांडेंट
घटना की सूचना मिलने के बाद कमांडेंट डॉ. अतुल कुमार राय शुक्रवार सुबह डीडीहाट से गर्ब्यांग के लिए रवाना हुए। आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर मांगती नाले में बृहस्पतिवार रात 8:25 बजे बोल्डर आने से सड़क बंद होने से वह फंस गए। देर शाम तक भी सड़क नहीं खुलने से वह आगे नहीं बढ़ सके।