राजकीय प्राथमिक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जाखपंत में कार्यरत शिक्षिका मरियम दल को राज्यपाल अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
सोमवार को देहरादून में आयोजित समारोह में राज्यपाल डा. केके पाल, मुख्यमंत्री हरीश रावत, शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मरियम को यह सम्मान दिया गया।
मरियम ने जाखपंत स्कूल के बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दिलाने के साथ ही विद्यालय में छात्रसंख्या बढ़ाने का काम भी किया। वह बच्चों को अपनी स्कूटी से विद्यालय लाने और घर तक छोड़ने का काम भी करती हैं। अमर उजाला ने मरियम के इस समर्पण पर 22 अगस्त को खास रिपोर्ट प्रकाशित की थी। मरियम को प्रशस्तिपत्र एवं पुरस्कार दिया गया। उनकी इस उपलब्धि पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र वल्दिया समेत अन्य शिक्षक नेताओं ने खुशी जताई है। मरियम ने कहा कि इस पुरस्कार से उनको और ज्यादा ऊर्जा मिली है। शिक्षा के विकास के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा।