पिथौरागढ़। दीपावली की खरीदारी से जिले के बाजारों में रौनक है। लोगों ने बाजारों में पहुंचकर पूजा सामग्री, खिल, बताशे के साथ पटाखों की जमकर खरीदारी की। वहीं, धनतेरस के दिन शनिवार होने से कई लोगों ने दूसरे दिन वाहनों की खरीद की। करीब 150 से अधिक वाहन बिके। अच्छा कारोबार होने से कारोबारियों के चेहरे खिले रहे।
जिला मुख्यालय सहित डीडीहाट, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, मुनस्यारी, कनालीछीना सहित अन्य बाजारों में दिवाली की खरीदारी के लिए लोगों में काफी उत्साह नजर आया। जिला मुख्यालय में लोगों की खूब भीड़ रही। जिले के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे लोगों ने पूजा सामग्री, मिठाई, खील, बताशे, मूर्ति, ऐपण और रंगोली आदि की खरीदारी की।
धनतेरस के दूसरे दिन भी ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्राॅनिक्स बाजार में तेजी रही। शनिवार को धनतेरस होने से कई लोगों ने वाहनों की खरीद से हाथ पीछे खींचे। रविवार को लोगों ने वाहनों की खरीद की। धनतेरस के दूसरे दिन जिले भर में तीन करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
डेढ़ करोड़ के बिके पटाखे
देव सिंह इंटर कॉलेज के मैदान में लगे पटाखा बाजार में लोगों की भीड़ जुटी रही। लोगों ने जमकर पटाखे खरीदे। डीडीहाट, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, धारचूला, कनालीछीना, झूलाघाट सहित अन्य प्रमुख बाजारों में भी पटाखे खरीदने में लोगों ने खासी दिलचस्पी दिखाई। कारोबारियों के मुताबिक, दिवाली से पहले पटाखों का करीब डेढ़ करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
नगर से लेकर गांवों तक रंग-बिरंगी लाइट से रोशन हुए घर
दिवाली पर्व के लिए नगर से लेकर गांवों तक घर रंग-बिरंगी लाइट से रोशन हो गए हैं। लोगों ने घरों को विभिन्न रंगों की बिजली की मालाओं और झालरों से सजाया है। बिजली की झालरों से नगर विभिन्न रंगों में डूबा नजर आया।