सीमांत जिले के एक रिटायर्ड बीएसएफ जवान ने पिथौरागढ़ नगर में सोयाबीन से पनीर तैयार करने वाला प्लांट लगाया है। अब यहां के लोगों को सोयाबीन से तैयार ताजे पनीर का स्वाद मिल सकेगा।
बीएसएफ से सेवानिवृत्त जवान दीपक चंद ने पिथौरागढ़ के पंडा में सोयाबीन से दुग्ध उत्पाद तैयार करने का काम शुरू किया है। इसके लिए उन्होंने किराए के दो कमरों में सोया प्लांट और आरओ प्लांट लगाया है। दीपक चंद ने बताया कि वह हल्द्वानी से सोयाबीन मंगा रहे हैं। वहां पर 43-44 रुपये किलो सोयाबीन मिलता है। सोयाबीन को लगभग दस घंटे तक भिगोकर मशीन में पीसा जाता है। इस प्रक्रिया के बाद निकलने वाले दूध को ब्वायलर में 100 डिग्री तापमान में उबाला जाता है।
इसके बाद ठंडा होने पर उससे पनीर तैयार किया जाता है। दीपक ने बताया कि वह इस समय केवल डिमांड पर ही पनीर तैयार कर रहे हैं। इसकी कीमत 240 रुपये प्रति किलो रखी गई है। उन्होंने बताया कि आज बाजार में मिलावटी खाद्य सामग्री आ रही है। सोयाबीन से तैयार दुग्ध उत्पादों में सबसे अधिक प्रोटीन होता है। एक किलो सोयाबीन से पांच से छह किलो दूध बनता है और एक किलो दूध से एक किलो पनीर तैयार होता है। शेष बचे हुए पदार्थ की सोया बड़ी या बिस्कुट बनाए जाते हैं।
कोटा में ड्यूटी के दौरान आया विचार
पिथौरागढ़। दीपक चंद ने बताया कि उन्हें सोयाबीन प्लांट लगाने का विचार राजस्थान के कोटा में तैनाती के दौरान आया। उन्होंने बताया कि कोटा में देश भर से स्टूडेंट कोचिंग के लिए आते हैं। वहां पर सोयाबीन से तैयार प्रोडक्ट का सबसे अधिक इस्तेमाल होता है। सोयाबीन से तैयार दूध और पनीर पूरी तरह से कोलस्ट्रोल फ्री होता है। ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में भी यह कारगर है। इसकी बाजार में अच्छी मांग है।