गंगोलीहाट (पिथौरागढ़) । विकासखंड के गंतोला गांव की महिलाओं ने चार माह पहले 3.6 किमी सड़क बनाकर तैयार कर दी। अब मात्र 500 मीटर सड़क बची है। उसमें भी कई तरह के रोड़े आ गए हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले विधायक फकीर राम टम्टा ने ग्रामीणों को सड़क बनाने का आश्वासन दिया था। इस दौरान ग्राम प्रधान भावना देवी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में अपनी शिकायत दर्ज की थी। लोनिवि ने हेल्पलाइन का संज्ञान लेकर प्रधान को पत्र भेजा है। इसमें गांव के लिए सड़क बनाने का कोई आंकलन, प्रस्ताव नहीं होने की बात कही है। साथ ही कहा है कि सांसद, विधायक, किसी उच्चाधिकारी की ओर से विभाग को सड़क बनाने संबंधी कोई पत्र नहीं मिला है। इनकी ओर से पत्र मिलने पर ही शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। महिलाओं ने युवाओं के साथ मिलकर सीधी भूमि में 3.6 किमी सड़क खोदी। अब 500 मीटर सड़क ढलान में बनानी है।
महिलाओं का कहना है कि पिछले दिनों गांव में शादी ब्याह और अन्य कार्यक्रम होने की वजह से कम बंद किया गया था। अब खेतों में निराई-गोड़ाई का काम चल गया है। राज्य बनने के बाद मणकनाली से चार किमी सड़क के लिए लगातार मांग कर रहे हैं। गंतोला के ग्रामीणों शासन प्रशासन से कोई मदद नहीं मिली। इसी अनदेखी से आहत गांव की महिलाओं और युवाओं ने ग्राम प्रधान भावना देवी के नेतृत्व में सड़क बनाने का निर्णय लिया।
चार माह पहले महिलाएं अपना रोजमर्रा का काम छोड़ हाथ में गेंडी, बेलचा, फावड़ा लेकर सड़क निर्माण में जुटी थीं। गांव में 54 परिवार रहते हैं। 300 से अधिक आबादी वाले गांव के लोग आज भी पैदल चलने को मजबूर हैं। धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से देखा जाए तो गांव के नजदीक शैलेश्वर गुफा और गुप्त गंगा है, जो सड़क नहीं होने के कारण पर्यटकों की दृष्टि से आज भी कोसों दूर है। मधुली देवी, गंगा देवी, मीना देवी, बसंती देवी, कमला देवी, भावना, चंपा, मोहनी आदि सड़क कटिंग कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होेंने बताया कि गर्भवती महिलाओं बीमार व्यक्तियों को तीन किमी तक डोली में लाना पड़ता है, तब उन्हें उपचार मिल पाता है।
कोट:
गंतोला गांव तक सड़क बनाने के लिए विधायक, सांसद की ओर से पत्र मिलने पर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। - संजय सिंह कोटियाल, अवर अभियंता पीडब्ल्यूडी।
कोट
पेड़ों को नुकसान पहुंचाए बिना गांव के लिए विधायक निधि से सड़क बनाकर ग्रामीणों को फायदा पहुंचाया जाएगा। - फकीर राम टम्टा, विधायक गंगोलीहाट।