पिथौरागढ़ में चल रहे क्रिकेट मैच में गेंद पकड़ने का प्रयास करता फील्डर
- फोटो : अमर उजाला
स्कूल स्पोर्ट्स प्रमोशन फाउंडेशन (एसएसपीएफ) की ओर से आयोजित जिला स्तरीय विद्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को जेबी मेमोरियल मानस एकेडमी ने आठ विकेट से जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रकाश जोशी ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर मैच शुरू कराया।
स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में जेबी मेमोरियल मानस एकेडमी और देवसिंह राजकीय इंटर कॉलेज के बीच मैच हुआ। निर्धारित 25 ओवर के खेल में देवसिंह इंका की टीम 13 ओवर में 52 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। संदीप ने 13 रनों का योगदान दिया। राहुल मुडेला ने 3, कविंद्र और कशिश ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में मानस एकेडमी की टीम ने 6.4 ओवर में दो विकेट खोकर मैच जीत लिया। दीपांकर ने नाबाद 16 रन बनाए। पंकज ने दो विकेट लिए। अंपायर हरीश जोशी, गोविंद परिहार और स्कोरर पुष्कर चंद रजवार थे।
शानदार गेंदबाजी के लिए मानस एकेडमी के राहुल मुडेला को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। इस दौरान एसएसपीएफ के जिला समन्वयक उमेश जोशी, निर्मल वंग कमोडिटी रायल पैंथर के ब्रांच मैनेजर जगदीश पुनेठा, राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रकाश जोशी, जगदीश लोहनी, कंचन उप्रेती, कौशल उप्रेती, आयुश जोशी आदि मौजूद थे।