पिथौरागढ़ के अलगड़ा में खाई में गिरी जीप। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। बुंगाछीना-अलगड़ा मोटर मार्ग में मैक्स जीप खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जीप में दो ही लोग सवार थे। दूसरे को कई चोट नहीं आई। हादसा बृहस्पतिवार शाम का है।
मिली जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार शाम करीब 5 बजे मैक्स जीप (यूके05टीए2535) बुंगाछीना से बसोड़ को जा रही थी। अलगड़ा के पास जीप गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कचना निवासी श्याम दत्त भट्ट चंदा (50) पुत्र बद्री दत्त गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को लोग देर शाम जिला अस्पताल ला रहे थे, उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक रिटायर्ड फौजी थे।
बताया जा रहा है कि जीप में चालक बहादुर सिंह पुत्र शमशेर सिंह निवासी बसोड़ और श्याम दत्त भट्ट ही सवार थे। जीप बुंगाछीना सवारियों को छोड़कर वापस बसोड़ जा रही थी। दुर्घटनाग्रस्त जीप एक पेड़ से अटक गई, अन्यथा हादसा और गंभीर हो सकता था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।