पिथौरागढ़। मड़खड़ायत में परचून की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में पावर ग्रिड की केबल चुराने के आरोप में जेल जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, बीते शुक्रवार को मड़खड़ायत निवासी कपिल सिंह खड़ायत ने जाजरदेवल थाने में तहरीर दी। उसने बताया कि रात में अज्ञात ने उसकी परचून की दुकान के ताले तोड़ डाले। गल्ले में रखे 10 हजार रुपये चुरा लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोर की खोजबीन शुरू की। अगले ही दिन शनिवार को पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा कर दिया।
थानाध्यक्ष मनोज पांडे ने बताया कि जांच में मड़खड़ायत निवासी पंकज रावत का नाम सामने आया। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कुबूल लिया। आरोपी के पास से चोरी की गई नकदी भी मिली। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि आरोपी पहले भी पावर ग्रिड की केबल चोरी करने के आरोप में जेल जा चुका है। आरोपी को गिरफ्तार कर इसे जेल भेज दिया गया है। संवाद