पिथौरागढ़-घाट मार्ग पर चुपकोट बैंड के पास पहाड़ी से सड़क पर गिरा मलबा। (संवाद)
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़-घाट बारहमासी सड़क के चुपकोट बैंड पर भारी मात्रा में मलबा गिरा है। रविवार को कई वाहनों से इसे हटाया गया। इस कारण वहां कई बार जाम लगा। लगातार मलबा गिरने से हादसे का खतरा भी है।
पिथौरागढ़-घाट बारहमासी सड़क में मटेला के पास स्थित चुपकोट बैंड की पहाड़ी लगातार दरक रही है। यह पहाड़ी बेहद कमजोर होने से बिना बारिश के ही टनों मलबा गिर चुका है। इस स्थान पर पिछले एक साल में 10 से अधिक बार सड़क बंद हो चुकी है।
रविवार सुबह भी मलबा हटाने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सड़क बाधित होने से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। पोकलैंड और जेसीबी की मदद से सड़क से मलबा हटाने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।