नेपाल के बैतड़ी जिला मुख्यालय से धनगढ़ी और महेंद्रनगर के लिए पवनदूत यातायात व्यवसाय समिति ने डीलक्स बस सेवा शुरू कर दी है। बस में एयरकंडीशन, फ्री वाई-फाई सुविधा भी उपलब्ध है। यह बस रोज अपरान्ह पांच बजे बैतड़ी से रवाना होगी। बैतड़ी से महेंद्रनगर की दूरी 230 किलोमीटर है। बस का किराया 406 भारतीय रुपये (650 नेपाली रुपये) रखा गया है।
बस के टिकट काउंटर प्रभारी तेज पांडे ने बताया कि नेपाल में सार्वजनिक परिवहन की बसों की संख्या बहुत कम है। इसी कारण निजी कंपनियों की बसों का ही यहां पर संचालन होता है। इससे पहले दार्चुला और गोठलापानी से भी डीलक्स बस सेवा शुरू हो चुकी है। अगले चरण में बजांग और बाजुरा से भी डीलक्स बस सेवा शुरू की जाएगी। पवनदूत यातायात व्यवसाय समिति के अध्यक्ष निरंजन मल्ल ने बताया कि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले इसका पूरा ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय अंचल में डीलक्स बस सेवा शुरू करने के बावजूद किराए की राशि बहुत कम रखी गई है। बैतड़ी के लोगों को बस सेवा शुरू होने से काफी सुविधा मिल रही है।