पिथौरागढ़ में आक्रोश रैली निकालते अतिथि शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
जिले के सभी ब्लॉकों से आए अतिथि शिक्षकों ने संविदा पर लिए जाने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ महाआक्रोश रैली निकाली। रैली रामलीला मैदान से होते हुए सिमलगैर, सुभाष चौक, गांधी चौक, सिल्थाम, बैंक रोड, घंटाकरण से रामलीला मैदान में संपन्न हुई। अतिथि शिक्षकों सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अतिथि शिक्षक संगठन के मीडिया प्रभारी मनोज पांडेय ने कहा कि सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को ठीक करने के लिए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति की थी। अब अतिथि शिक्षकों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। इस कारण कई सरकारी विद्यालय शिक्षकों के अभाव में बंद होने की कगार पर खड़े हो गए हैं। पांडेय ने कहा कि शिक्षा मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक अतिथि शिक्षक संविदा किए जाने की मांग रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है।
अतिथि शिक्षकों ने कहा कि 23 नवंबर को पिथौरागढ़ पहुंच रहे मुख्यमंत्री मांगों को लेकर मुलाकात की जाएगी। रैली में आनंद सिंह, मोनिका पांडेय, देवेंद्र कुमार, दीक्षा जोशी, अनुपमा महर, मीना पांडे, मोनिका उप्रेती, डा. उषा पोखरिया, पूर्णिमा जिमिवाल आदि शामिल थे।