पिथौरागढ़। पहले ही लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं। फिर से रसोई गैस के दाम बढ़ने से लोगों पर आर्थिक बोझ पड़ा है। उपभोक्ताओं को अब रसोई गैस सिलिंडर रिफिल कराने के लिए 60 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। रसोई गैस के दाम बढ़ने से उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
सीमांत जिले में एक लाख से अधिक रसोई गैस उपभोक्ता हैं। पिछले छह महीने से रसोई गैस के दाम स्थिर होने से उपभोक्ताओं में राहत थी। अब फिर रसोई गैस के दाम बढ़ने से उपभोक्ताओं को झटका लगा है। पूर्व में घरेलू रसोई गैस सिलिंडर रिफिल कराने के लिए उपभोक्ता 890.50 रुपये चुका रहे थे। अब उन्हें 60 रुपये अधिक यानि 950.50 रुपये खर्च करने होंगे। महंगाई के बीच रसोई गैस की कीमत बढ़ने से बजट बिगड़ा तो लोगों ने इस पर आक्रोश भी जताया है। लोगों का कहना है महंगाई कम करने के बजाय इसे बढ़ाकर आम जनता की परेशानी को बढ़ाया जा रहा है। सरकार को बढ़ी रसोई गैस की कीमतों को वापस लेकर राहत देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धुंआ मुक्त रसोई के सपने दिखाकर गैस कनेक्शन बांटे गए। अब रसोई गैस महंगी होने से उनके लिए इसका उपयोग करना भी मुश्किल होगा। ऐसे में फिर से उन्हें लकड़ी का चूल्हा फूंकने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
रसोई गैस महंगी होने से उपभोक्ताओं ने छोड़ा सिलिंडर रिफिल कराना
जिले भर में 18 से अधिक गैस एजेंसी से एक लाख से अधिक रसोई गैस उपभोक्ता जुड़े हैं। गैस एजेंसियों के मुताबिक, करीब 12 हजार से अधिक उपभोक्ता ऐसे हैं जो लंबे समय से सिलिंडर रिफिल नहीं करा रहे हैं। रसोई गैस महंगी होने से खासकर ग्रामीण उपभोक्ता सिलिंडर रिफिल कराने से हाथ पीछे खींच रहे हैं और वे लकड़ी का चूल्हा फूंकने के लिए मजबूर हैं।
बोले उपभोक्ता
महंगाई के इस दौर में रसोई गैस महंगी होने से दिक्कत बढ़ेगी। सरकार को महंगाई कम कर जनता को राहत देनी चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। - गीता पंत, मोस्टमानू
रसोई गैस महंगी होने से इसका उपयोग मुश्किल होगा। हमें लकड़ी का चूल्हा फूंकना होगा। रसोई गैस के दाम बढ़ाना आम जनता के हित में सही नहीं है। - लीला देवी, भदेलवाड़ा
रसोई गैस के दाम बढ़ाकर हमें आर्थिक बोझ के तले दबाया जा रहा है। दैनिक जरूरत की चीजें सस्ती होने के बजाय महंगी होेने से घर चलाना मुश्किल हो रहा है। - हेमा भट्ट, पुनेड़ी
रसोई गैस के दाम बढ़ने से हमारी जेब ढीली हो रही है। घर का बजट गड़बड़ा रहा है। आम जनता के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लेने चाहिए। - तारा थापा, पुरानी बाजार
कोट
घरेलू और व्यावसायिक रसोई गैस के दाम बढ़े हैं। करीब छह महीने बाद रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए हैं। सरकार से इसकी कीमत तय होती है। देश भर में इसकी नई कीमत लागू होंगी। - विनय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी, पिथौरागढ़
रसोई गैस सिलिंडर में हुई 25 रुपये से 142 रुपये की वृद्धि
एलपीजी 14.2 किग्रा सिलिंडर में 60 रुपये, 10 किग्रा में 25
वाणिज्यिक सिलिंडर में 142 रुपये की बढ़ोत्तरी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंपावत। ईरान और इजरायल युद्ध का असर घरेलू रसोई गैस सिलिंडर पर पड़ा है। रसोई गैस सिलिंडर से लेकर व्यवसायिक सिलिंडर के दाम में बढ़ोतरी हुई है। चंपावत जिले में 25 रुपये से 142 रुपये तक वृद्धि हुई है।
चंपावत इंडेन गैस वितरण केंद्र के प्रबंधक डीएस रावत ने बताया कि बढ़ी हुई कीमतें सात मार्च से लागू हो गई हैं। उन्होंने बताया कि 14.2 किग्रा एलपीजी घरेलू गैस सिलिंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। इसके बाद से सिलिंडर 890.50 रुपये से बढ़कर 950.50 रुपये हो गया है। 10 किलो का घरेलू कंपोजिट सिलिंडर 643.50 रुपये से बढ़कर 668 रुपये का हो गया है। वहीं व्यवसायिक सिलिंडर में 141.50 रुपये की वृद्धि होने के बाद दाम 2001.50 रुपये हो गया है। जबकि पूर्व में यह सिलिंडर 1859 रुपये में मिलता था।