भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास के दौरान सर्च आपरेशन चलाते जवान
- फोटो : अमर उजाला
सूर्या कमांड के तत्वावधान और भारतीय थल सेना की पंचशूल ब्रिगेड के नेतृत्व में चल रहे 14 दिनी भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास सूर्यकिरण के आठवें दिन भारत-नेपाल के सैनिकों ने जंगल युद्ध का अभ्यास किया। इस दौरान गांवों में आतंकियों की तलाश और फायरिंग का अभ्यास किया। संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण का समापन 20 मार्च को होगा।
पंचशूल ब्रिगेड के ब्रिगेड कमांडर ब्रिगेडियर राकेश मनोचा (सेना मेडल) के दिशा-निर्देशन में चल रहे सैन्य अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैनिकों ने जंगल युद्ध का अभ्यास किया। आतंकियों की तलाश में गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया। आतंकियों के ठिकानों को नष्ट करने एवं आतंकी घटनाओं को नाकाम करने का अभ्यास किया। अचानक हुए हमले को नाकाम करने, छुपे हुए आतंकियों को मार गिराने का भी उपक्रम किया।
भारतीय सैन्य टुकड़ी का नेतृत्व पंजाब रेजीमेंट की एकता शक्ति बटालियन के कमांडेंट कर्नल नवीन कुमार राजन और नेपाली सेना का नेतृत्व दुर्गा बक्स बटालियन के कमांडेंट कर्नल सुधीर केसी कर रहे हैं। सैन्य अभ्यास में भारत के 350 और नेपाल के 314 अधिकारी भाग ले रहे हैं।