थौरागढ़ नगर के टनकपुर तिराहे पर लगी बैरिकेटिंग। संवाद
पिथौरागढ़। रसोई गैस को लेकर उपजे हालात सभी की दिक्कत बढ़ाने लगे हैं। सड़कों पर रसोई गैस के लिए लग रही लाइन से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। नगर के टनकपुर तिराहे के पास रसोई गैस के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ जुटी तो यहां लंबा जाम लग गया। भीड़ को देखते हुए पुलिस को ट्रैफिक प्लान ही बदलना पड़ा। सिल्थाम की तरफ आवाजाही रोकनी पड़ी और वाहनों को जाखनी तिराहे से तीन किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा लगाना पड़ा।
शुक्रवार को टनकपुर तिराहे के पास गैस वितरण किया जाना था। लोग सुबह से ही यहां पहुंच गए। नौ बजे के करीब यहां 200 से अधिक लोगों की भीड़ जमा हो गई इसके चलते सड़क पर जाम लग गया। पुलिस के लिए भीड़ को हटाना मुमकिन नहीं था। ऐसे में ट्रैफिक प्लान ही बदलना पड़ा। तिराहे पर बैरिकेटिंग लगाकर सिल्थाम की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। वाहनों को जाखनी तिराहे से सिल्थाम भेजा गया। ऐसे में वाहन चालकों को तीन किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी नापनी पड़ी। रसोई गैस के चक्कर में डीजल और पेट्रोल की खपत भी बढ़ गई। सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि रसोई गैस के लिए जुटी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक प्लान बदलना पड़ा। सिलिंडर बंटने के दोपहर बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।