गुरना उप डाकघर में तालाबंदी कर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : AMAR UJALA
गुरना उप डाकघर में लंबे समय ने नेट सेवा बाधित होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने तालाबंदी की। उन्होंने कहा कि उप डाकघर में नेट नहीं चलने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 10 दिन के भीतर नेट सुविधा सुचारु नहीं होने पर उन्हाेंने प्रदर्शन की चेतावनी दी। इस संबंध में मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल को भी पत्र भेजा है।
ग्रामीणों ने कहा है कि गुरना उप डाकघर से 25 ग्राम पंचायतों के नौ उप शाखाएं संचालित हो रही हैं। वर्तमान में आठ माह में नेट नहीं चलने से लेनदेन नहीं हो रहा है। इससे जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कहा है कि कई बार इस मामले को जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के समक्ष उठाया गया लेकिन आज तक कोई भी सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने उप डाकघर में शीघ्र नेट सेवा सुचारु किए जाने की मांग उठाई है। तालाबंदी करने वालों में जिपं सदस्य लक्ष्मी भट्ट, कैलाश पांडेय, दीवान सिंह, बृजमोहन फुलेरा, कुंडल अधिकारी, नलिन तिवारी, जनार्दन भट्ट, राजेंद्र भट्ट, कैलाश भट्ट समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।