कोरोना संक्रमण को देखते हुए गंगोलीहाट में लॉकडाउन दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। प्रशासन ने 25 दिसंबर से 48 घंटे के लिए लॉकडाउन जारी रखने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान केवल जरूरी सेवाएं और सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे। पिथौरागढ़ में लॉकडाउन को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
गंगोलीहाट में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बुधवार और बृहस्पतिवार को लॉकडाउन किया गया था। इस दौरान सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों के साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। हालांकि जरूरी सेवाएं दूध, गैस और मेडिकल स्टोर सुबह नौ बजे से 12 बजे तक खुले रहे।
बृहस्पतिवार को वाहनों की आवाजाही कम रही। सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग ही दिखाई दिए। प्रशासन ने अब लॉकडाउन दो दिन के लिए बढ़ा दिया है। एसडीएम भगत सिंह फोनिया की ओर से जारी आदेश के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को भी क्षेत्र में लॉकडाउन रहेगा।
सभी दुकानें, होटल और रेस्टोरेंट पूरी तरह से बंद रहेंगे। बृहस्पतिवार को जिले में 23 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि अब सक्रिय मामलों की संख्या 292 हो चुकी है।