पिथौरागढ़। कृषि विभाग केंद्र सरकार की सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) के तहत फार्म मशीनरी बैंक योजना को संचालित कर रहा है। इसके लिए काश्तकारों को कृषि यंत्र खरीदने के लिए पांच लाख रुपये तक का ऋण दिया जा रहा है। इसमें काश्तकारों को 80 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। इस योजना से अब तक 27,429 काश्तकारों को लाभान्वित किया जा चुका है।
किसान यंत्रों के दाम के मुताबिक ऋण ले सकते हैं। इसमें 29 समूह में काश्तकारों को चार से पांच यंत्रों का बंच पावर बिडर, पावर लिफ्टिंग पंप, आटा चक्की आदि जैसे यंत्र उपलब्ध कराए गए हैं। दो हॉर्स पावर के वीडर 24 काश्तकारों को और पांच हॉर्स पावर वीडर 558 काश्तकारों को, ब्रश कटर 40 काश्तकारों को और पलवराइजर 31 काश्तकारों को दिए गए हैं।
कुदाल, फावड़ा, हैरो, पंजा जैसे छोटे यंत्रों से 26,735 काश्तकारों को लाभान्वित किया गया है। विभाग का उद्देश्य काश्तकारों की श्रम लागत को कम करना और उत्पादकता को बढ़ाना है। साथ ही काश्तकारों के समय और श्रम दोनों की बचत होती है।
कोट
कृषि विभाग की 14,507 काश्तकारों को लाभान्वित करने की योजना थी। इसके बावजूद विभाग ने दोगुने काश्तकारों को लाभान्वित किया है। इस वर्ष इस योजना से और अधिक काश्तकारों को लाभान्वित किया जाएगा। - अमरेंद्र कुमार चौधरी, मुख्य कृषि अधिकारी, पिथौरागढ़