बारिश से शेराघाट में क्षतिग्रस्त सड़क। संवाद
पिथौरागढ़। चीन सीमा को जोड़ने वाली लिपुलेख सड़क बृहस्पतिवार को यातायात के लिए खोल दी गई है। बृहस्पतिवार को धारचूला से गुंजी और दारमा घाटी के लिए वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। इससे व्यास और दारमा घाटी के लोगों के साथ ही सीमा पर सुरक्षा में तैनात जवानों को राहत मिली है।
जिले में लगातार हो रही बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। बारिश के कारण धारचूला, मुनस्यारी और डीडीहाट की 12 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। सड़क बंद होने से करीब दो दर्जन गांव की 15 हजार आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घट्टाबगड़-लिपुलेख सड़क यातायात के लिए खुल गई है। शेराघाट-फरवाकोट मोटर मार्ग में मूसलाधार बारिश के कारण सड़क ध्वस्त हो गई है। इसके चलते मोटर पुल खतरे की जद में आ गया है। टांगा, गोल्फा, लोदी के लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शीघ्र सुरक्षा के इंतजाम नहीं करने पर सड़क को और अधिक क्षति पहुंचने की आशंका बनी हुई है। यूथ कांग्रेस के डीडीहाट जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर शीघ्र सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। बारिश से भूस्खलन के कारण मलबा आने से ऐलागाड़-जुम्मा, कालिका-खुमती, बंगापानी-जाराबिजली, छिरकिला-जम्कू, बांसबगड़-कोट पंद्रहपाला, तवाघाट-ठानीधार, डीडीहाट-आदिचौरा हुनेरा, देवविचौना- खेतारकन्याल गराली, सानदेव-तुरगोली, झूलाघाट-बलतड़ी, डयोड़ा-बारमो, धौन-बड़ोली सड़कें बंद हैं। संवाद